भोजपुर जिले के चर्चित भरत तिवारी कथित एनकाउंटर मामले की न्यायिक जांच गुरुवार को चौथे दिन भी जारी रही। जांच आयोग के समक्ष घटना की प्रत्यक्षदर्शी बताई जा रही चंद्रवती देवी और उषा देवी ने अपने बयान दर्ज कराए। दोनों महिलाओं से आयोग ने घटना से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से पूछताछ की।
गवाही के बाद मीडिया से बातचीत में चंद्रवती देवी ने कहा कि उन्होंने घटना के दौरान जो कुछ देखा, वही आयोग के समक्ष बताया है। उनका दावा है कि उन्होंने भरत तिवारी को पुलिस के साथ देखा था और गोली चलने की घटना भी अपनी आंखों से देखी थी। उन्होंने बताया कि आयोग ने उनसे घटना के क्रम और परिस्थितियों को लेकर कई सवाल पूछे, जिनका उन्होंने अपने अनुसार जवाब दिया।
वहीं, उषा देवी ने भी कहा कि उन्होंने न्यायिक आयोग के समक्ष घटना के संबंध में अपनी जानकारी साझा की है। उन्होंने बताया कि आयोग ने उनसे भी कई महत्वपूर्ण सवाल किए, जिनका उन्होंने तथ्यात्मक रूप से उत्तर दिया।
न्यायिक आयोग मामले से जुड़े गवाहों के बयान, उपलब्ध साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच कर रहा है। आयोग की रिपोर्ट आने के बाद ही घटना की परिस्थितियों और जिम्मेदारियों को लेकर स्पष्ट स्थिति सामने आएगी।
भरत तिवारी कथित एनकाउंटर मामला प्रदेश में लगातार चर्चा का विषय बना हुआ है। न्यायिक जांच की कार्यवाही पर पीड़ित पक्ष, प्रशासन और आम लोगों की नजर बनी हुई है।
