बेतिया में रांगी नदी में डूबने से 13 वर्षीय किशोर की मौत, गांव में छाया मातम

 पश्चिम चंपारण जिले के मैनाटांड प्रखंड अंतर्गत इनरवा थाना क्षेत्र के शाहपुर परसौनी गांव में रांगी नदी में डूबने से 13 वर्षीय किशोर की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

मृतक की पहचान शाहपुर परसौनी निवासी मुन्ना अंसारी के 13 वर्षीय पुत्र अल्ताफ अंसारी उर्फ गुड्डू के रूप में हुई है। बताया गया कि मंगलवार को अल्ताफ अपने साथियों के साथ रांगी नदी में नहाने गया था। नहाने के दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और किशोर की तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद उसका शव नदी से बरामद किया गया। सूचना मिलने पर इनरवा थाना पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

किशोर की असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में मातम पसरा हुआ है और बड़ी संख्या में लोग शोक संतप्त परिवार को सांत्वना देने उनके घर पहुंच रहे हैं। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर मामले की जांच शुरू कर दी है।