पूर्वी सिंहभूम जिला अग्रवाल सम्मेलन का ‘समाज के नगीने सम्मान समारोह’ संपन्न, मेधावी छात्र-छात्राओं और युवा प्रतिभाओं का हुआ सम्मान

जमशेदपुर पूर्वी सिंहभूम जिला अग्रवाल सम्मेलन द्वारा प्रायोजक सरलाल इंजीनियरिंग लिमिटेड के सहयोग से मंगलवार को साकची स्थित अग्रसेन भवन में ‘समाज के नगीने सम्मान समारोह’ का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में शिक्षा, खेल, प्रतियोगी परीक्षाओं और विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों एवं युवा प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम की विशिष्ट अतिथि पूर्व प्रधानाचार्य नंदिनी शुक्ला (केरला समाजम) एवं रजनी शेखर (पूर्व प्रधानाचार्य, डी.बी.एम.एस., कदमा) रहीं। दोनों अतिथियों ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए निरंतर परिश्रम, अनुशासन और उत्कृष्टता को सफलता की कुंजी बताया तथा जीवन में बड़े लक्ष्य निर्धारित कर उन्हें प्राप्त करने के लिए सतत प्रयास करने का संदेश दिया।

सम्मेलन के पदाधिकारियों ने कहा कि समाज की प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना और उनकी उपलब्धियों को सम्मान देना संगठन की प्राथमिकता है। ऐसे आयोजन युवा पीढ़ी को आगे बढ़ने और समाज का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित करते हैं।

समारोह में बड़ी संख्या में अग्रवाल समाज के सदस्य, अभिभावक, विद्यार्थी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सम्मानित प्रतिभाओं को स्मृति चिन्ह, प्रशस्ति पत्र एवं सम्मान देकर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं। कार्यक्रम का समापन समाज की एकजुटता और शिक्षा के प्रति समर्पण के संदेश के साथ हुआ।