बगहा पश्चिम चंपारण जिले के वाल्मीकिनगर थाना क्षेत्र के विशाहा गांव में एक घर में करीब 10 फीट लंबा जहरीला कोबरा घुस आने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना मुन्नी लाल के घर की है, जहां अचानक विशालकाय कोबरा दिखाई देने पर परिवार के लोग दहशत में आ गए। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही सर्प रेस्क्यू का कार्य करने वाली जानकी देवी मौके पर पहुंचीं। उन्होंने पूरी सावधानी, धैर्य और सूझबूझ के साथ काफी मशक्कत के बाद जहरीले कोबरा का सुरक्षित रेस्क्यू किया। रेस्क्यू के दौरान उन्होंने आसपास मौजूद लोगों को सुरक्षित दूरी बनाए रखने और किसी भी प्रकार की लापरवाही न करने की सलाह दी।
कोबरा को सुरक्षित पकड़ने के बाद उसे वन क्षेत्र में छोड़ने की प्रक्रिया पूरी की गई। समय रहते रेस्क्यू होने से किसी भी तरह की जनहानि नहीं हुई और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
स्थानीय लोगों ने महिला रेस्क्यूअर जानकी देवी की बहादुरी और तत्परता की सराहना करते हुए उनके कार्य की प्रशंसा की। वन्यजीव विशेषज्ञों ने भी लोगों से अपील की है कि घर या आसपास सांप दिखाई देने पर उसे मारने के बजाय तुरंत प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम या वन विभाग को सूचना दें।
