प्रेम विवाह के ढाई महीने बाद नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, पुलिस जांच में जुटी

बेतिया पश्चिम चंपारण जिले के नरकटियागंज अनुमंडल अंतर्गत शिकारपुर थाना क्षेत्र के सतवरिया गांव में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई, जबकि परिजनों में मातम का माहौल है।

मृतका की पहचान 19 वर्षीय गजाला खातून के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उन्होंने करीब ढाई महीने पहले प्रेम विवाह किया था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना से पहले बाइक की चाबी को लेकर परिवार में देवर और अन्य सदस्यों के बीच कहासुनी हुई थी। कुछ देर बाद गजाला खातून का शव घर में फंदे से लटका मिला।

घटना की सूचना मिलते ही शिकारपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं और मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस का कहना है कि मौत के कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल सभी पहलुओं से मामले की जांच की जा रही है। यदि परिजनों की ओर से कोई शिकायत या आवेदन प्राप्त होता है, तो उसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इस घटना के बाद गांव में शोक और चर्चा का माहौल है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि जांच पूरी होने से पहले किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें।