मधुबनी जिले में बाढ़ एवं कटाव की स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने बुधवार को क्षेत्र भ्रमण के दौरान घोघरडीहा प्रखंड के परसा हॉल्ट के समीप भुतही बलान नदी के बांध कटाव स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बांध की सुरक्षा व्यवस्था, कटाव की स्थिति तथा नदी के जलस्तर का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बांध के प्रत्येक हिस्से की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए। यदि कहीं भी कटाव, रिसाव या किसी प्रकार की क्षति के संकेत मिलते हैं तो तत्काल मरम्मत एवं सुरक्षा संबंधी कार्य शुरू किए जाएं, ताकि किसी भी संभावित खतरे से समय रहते निपटा जा सके।
इसके बाद जिलाधिकारी ने मधेपुर प्रखंड के रहुआ संग्राम से जानकी नगर जाने वाली सड़क पर हुए जलजमाव का भी निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों को जल निकासी की समुचित व्यवस्था करने तथा आम लोगों की आवाजाही में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि मानसून के दौरान बाढ़ और कटाव की स्थिति पर प्रशासन लगातार नजर बनाए हुए है। लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और सभी संबंधित विभागों को पूरी सतर्कता के साथ राहत एवं बचाव की तैयारियां बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।
