पूजा घर से निकला सांपों का कुनबा, समय रहते नजर पड़ने से टला बड़ा हादसा

पश्चिम चंपारण जिले के बगहा अनुमंडल अंतर्गत नवलपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक घर के पूजा घर से एक-दो नहीं बल्कि सांपों का पूरा कुनबा निकल आया। समय रहते परिवार की नजर पड़ने से बड़ा हादसा टल गया।

जानकारी के अनुसार, करीब 120 वर्गफुट के पूजा घर में परिवार के सदस्य प्रतिदिन पूजा-अर्चना करते हैं। इसी स्थान पर बच्चों का भी अक्सर आना-जाना रहता है। शनिवार को गृहस्वामी की पत्नी की नजर अचानक पूजा घर में रेंग रहे कई सांपों पर पड़ी। यह देखते ही उन्होंने शोर मचाकर परिवार के अन्य सदस्यों को सतर्क किया, जिसके बाद पूरे घर में दहशत फैल गई।

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए। सावधानी बरतते हुए पूजा घर को खाली कराया गया और सांपों को सुरक्षित निकालने के लिए स्थानीय स्तर पर प्रयास शुरू किए गए। समय रहते सांप दिखाई देने के कारण परिवार के सभी सदस्य सुरक्षित रहे और कोई जनहानि नहीं हुई।

ग्रामीणों का कहना है कि लगातार हो रही बारिश के कारण सांप अपने बिलों से निकलकर रिहायशी इलाकों और घरों में शरण ले रहे हैं। ऐसे में लोगों को विशेष सतर्क रहने की जरूरत है।

प्रशासन और वन विभाग से भी अपील की गई है कि बरसात के मौसम में ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चलाया जाए तथा सांप निकलने की सूचना मिलने पर तत्काल रेस्क्यू टीम भेजी जाए।