पंडई नदी में डूबे युवक का दो दिन बाद मिला शव, गांव में पसरा मातम

 पश्चिम चंपारण जिले के शिकारपुर थाना क्षेत्र से एक दुखद खबर सामने आई है। पंडई नदी में डूबे युवक का शव दो दिन बाद शनिवार को एनडीआरएफ की टीम और स्थानीय ग्रामीणों के संयुक्त सर्च ऑपरेशन के दौरान बरामद कर लिया गया। शव मिलने की सूचना मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

मृतक की पहचान शिकारपुर थाना क्षेत्र के सोफवा वार्ड संख्या-3 निवासी सुल्तान साई, पिता मुजम्मिल साई, के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, 16 जुलाई को सुल्तान साई अपने एक मित्र के साथ पंडई नदी में स्नान करने गया था। स्नान के दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूब गया। घटना के बाद स्थानीय प्रशासन ने एनडीआरएफ की टीम की मदद से लगातार दो दिनों तक सर्च ऑपरेशन चलाया।

शनिवार को युवक का शव नदी से बरामद कर लिया गया। शव मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

इस घटना से पूरे इलाके में मातम का माहौल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से नदी किनारे सुरक्षा व्यवस्था और सावधानी संबंधी उपाय बढ़ाने की मांग की है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।