25 लाख का इनामी माओवादी कमांडर अजय महतो गिरफ्तार, गिरिडीह पुलिस-सीआरपीएफ की बड़ी कामयाबी

 झारखंड के गिरिडीह जिले में पुलिस और सीआरपीएफ को माओवाद के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। गिरिडीह पुलिस और सीआरपीएफ की कोबरा-209 बटालियन के संयुक्त अभियान में प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) के 25 लाख रुपये के इनामी स्पेशल एरिया कमेटी (SAC) के शीर्ष कमांडर अजय महतो उर्फ मोछू उर्फ टाइगर को गिरफ्तार कर लिया गया है।

गिरिडीह के पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर गिरफ्तारी की जानकारी देते हुए बताया कि अजय महतो पिछले करीब दो दशकों से सक्रिय था और लगातार सुरक्षा एजेंसियों को चकमा देता आ रहा था। उसके खिलाफ हत्या, आईईडी विस्फोट, सुरक्षाबलों पर हमले, सरकारी संपत्तियों को नुकसान पहुंचाने सहित 240 से अधिक संगीन मामले दर्ज हैं।

पुलिस के अनुसार, 17 जुलाई को खूखरा थाना क्षेत्र के हरलाडीह ओपी के जंगलों में गुप्त सूचना के आधार पर संयुक्त अभियान चलाया गया। जंगल में घेराबंदी के दौरान अजय महतो ने भागने की कोशिश की, लेकिन सुरक्षा बलों ने उसे दबोच लिया।

अजय महतो की गिरफ्तारी को झारखंड में माओवादी नेटवर्क के खिलाफ बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। सुरक्षा एजेंसियां उससे पूछताछ कर संगठन की गतिविधियों, हथियारों के नेटवर्क और अन्य सक्रिय नक्सलियों के बारे में जानकारी जुटा रही हैं।