आजादनगर थाना में सामुदायिक पुलिसिंग कार्यक्रम आयोजित

जमशेदपुर वरीय पुलिस अधीक्षक, पूर्वी सिंहभूम के निर्देश पर 20 जुलाई 2026 को आजादनगर थाना क्षेत्र के ओल्ड पुलिया, रोड संख्या-19, वार्ड संख्या-28 में सामुदायिक पुलिसिंग के तहत जनसहभागिता एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पुलिस और आम नागरिकों के बीच आपसी विश्वास, संवाद और सहयोग को मजबूत करना था।

कार्यक्रम में थाना प्रभारी चंदन कुमार के नेतृत्व में पुलिस पदाधिकारी पवन कुमार, मो. जफर अंसारी, दीपक कुमार रौशन, महिला पुलिस अवर निरीक्षक कविता सहित अन्य पुलिसकर्मी उपस्थित रहे। वहीं वार्ड पार्षद जेबा फरहिन, स्थानीय गणमान्य नागरिक, शांति समिति के सदस्य, समाजसेवी, महिला प्रतिनिधि तथा विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई।

इस दौरान उपस्थित लोगों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने, सामाजिक सौहार्द कायम रखने, साइबर अपराधों से बचाव, महिला सुरक्षा, नशामुक्ति, सड़क सुरक्षा और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल पुलिस को सूचना देने के लिए जागरूक किया गया। पुलिस अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की कि वे समाज में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।

कार्यक्रम में लोगों की समस्याएं भी सुनी गईं और उनके समाधान के लिए आवश्यक सुझाव दिए गए। अधिकारियों ने कहा कि सामुदायिक पुलिसिंग का उद्देश्य पुलिस और जनता के बीच भरोसे का मजबूत रिश्ता कायम करना है, ताकि अपराधों की रोकथाम और सुरक्षित समाज के निर्माण में आम नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित हो सके।

स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए भविष्य में भी इस तरह के जन-जागरूकता कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित करने की मांग की।