निरसा अनुमंडल क्षेत्र में अवैध लॉटरी के कारोबार पर लगाम लगती नजर नहीं आ रही है। क्षेत्र में लगातार अवैध लॉटरी की छपाई और बिक्री का सिलसिला जारी है। इसी कड़ी में चिरकुंडा थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक मिनी प्रिंटिंग प्रेस का भंडाफोड़ किया है, जहां कथित रूप से अवैध लॉटरी टिकटों की छपाई और पैकिंग का कार्य किया जा रहा था।
जानकारी के अनुसार, बीसीसीएल के एक जर्जर आवास को अवैध गतिविधियों के लिए इस्तेमाल किया जा रहा था। गुप्त सूचना मिलने के बाद निरसा एसडीपीओ लिलेश्वर महतो के नेतृत्व में चिरकुंडा पुलिस की टीम ने शुक्रवार शाम छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में छपे हुए लॉटरी टिकट, प्रिंटिंग मशीन, कागजात और अन्य उपकरण बरामद किए गए।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक बरामद अवैध लॉटरी टिकटों की अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ रुपये आंकी जा रही है। छापेमारी के दौरान मौके से कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और सामग्री भी जब्त की गई है, जिनके आधार पर पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि अवैध लॉटरी कारोबार से जुड़े लोगों की पहचान की जा रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। अधिकारियों ने संकेत दिया है कि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने के लिए जांच का दायरा बढ़ाया जाएगा।
