तारकेश्वर नारायण अग्रवाल कॉलेज ऑफ एजुकेशन (स्वायत्त महाविद्यालय), हरिगांव, आरा में बुधवार को अंकपत्र एवं प्रोविजनल प्रमाणपत्र वितरण समारोह भव्य एवं गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों, महाविद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं की उपस्थिति ने कार्यक्रम को विशेष बना दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य द्वार पर अतिथियों के पारंपरिक स्वागत से हुआ। इसके बाद एम.पी. हॉल में दीप प्रज्ज्वलन, सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत के साथ समारोह का विधिवत उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. मनोज कुमार उपाध्याय ने किया।
समारोह के दौरान सफल छात्र-छात्राओं को अंकपत्र एवं प्रोविजनल प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। इस अवसर पर वक्ताओं ने विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही समाज और राष्ट्र निर्माण का सबसे सशक्त माध्यम है तथा विद्यार्थियों को अपने ज्ञान और कौशल का उपयोग समाज के विकास में करना चाहिए।
महाविद्यालय प्रशासन ने विद्यार्थियों की उपलब्धियों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। समारोह में उपस्थित छात्र-छात्राओं ने प्रमाणपत्र प्राप्त कर खुशी व्यक्त की और महाविद्यालय के प्रति आभार जताया।
