बैंक मोड़ के शांति भवन में बिजली मीटर में भीषण आग, दमकल की तत्परता से टला बड़ा हादसा

बैंक मोड़ स्थित शांति भवन में बुधवार को बिजली मीटर में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग लगते ही मीटर से धुआं और चिंगारियां निकलने लगीं, जिससे भवन में रहने वाले लोगों में दहशत फैल गई। लोग सुरक्षा के मद्देनजर अपने-अपने फ्लैटों से बाहर निकल आए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग तेजी से फैलने लगी थी और उसके जेनरेटर रूम तक पहुंचने की आशंका बनी हुई थी। इसी बीच घटना की सूचना दमकल विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पा लिया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि आग जेनरेटर रूम तक पहुंच जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था। दमकल कर्मियों की तत्परता और समय पर कार्रवाई से संभावित बड़ी दुर्घटना टल गई।

घटना के दौरान भवन में अग्निशमन यंत्र की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। लोगों ने भवनों में अग्नि सुरक्षा उपकरणों की नियमित जांच और पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की।