जिले के दीपनगर थाना क्षेत्र के बेरौटी गांव में दिनदहाड़े फायरिंग, मारपीट और लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। पुरानी रंजिश को लेकर हथियारबंद बदमाशों ने एक युवक पर जानलेवा हमला कर दिया। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कुछ युवक हथियार लहराते नजर आ रहे हैं। वीडियो वायरल होने के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
पीड़ित कन्हैया कुमार ने बताया कि शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे वह बिहारशरीफ जाने के लिए घर से निकले थे। घर से कुछ ही दूरी पर पहले से घात लगाए बैठे आरोपियों ने उन्हें घेर लिया। आरोप है कि बदमाशों ने देसी कट्टे से कई राउंड फायरिंग की और हत्या की नीयत से हमला किया। हालांकि कन्हैया कुमार किसी तरह अपनी जान बचाने में सफल रहे।
पीड़ित के अनुसार, फायरिंग के बाद आरोपियों ने उन्हें पकड़ लिया और बेरहमी से मारपीट की। इस दौरान उनके गले से सोने की चेन, हाथ की अंगूठी और नकदी भी लूट ली गई। घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस वायरल वीडियो की भी जांच कर रही है तथा आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है।
दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों ने दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
