नालंदा में दिल दहला देने वाली वारदात, पति ने पत्नी की हत्या की; आरोपी हिरासत में

जिले के राजगीर थाना क्षेत्र के माली टोला में शनिवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां एक वृद्ध व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी 65 वर्षीय पत्नी की धारदार हथियार से हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

मृतका की पहचान बच्ची देवी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, दिनदहाड़े हुई इस वारदात की सूचना मिलते ही राजगीर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने आरोपी पति गिन्नी मालाकार को तत्काल हिरासत में ले लिया।

पुलिस के अनुसार प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने हत्या की बात स्वीकार करते हुए पारिवारिक विवाद को घटना की वजह बताया है। बताया जा रहा है कि घरेलू विवाद के बाद दोनों के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद यह घटना हुई।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना के सभी पहलुओं को खंगाल रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में शोक और आक्रोश का माहौल है। क्षेत्र के लोग दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।