पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर रची पति की हत्या की साजिश! तीन गिरफ्तार, मुख्य आरोपी की तलाश जारी

नवगछिया में एक युवक की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतक की पत्नी ने कथित तौर पर अपने प्रेमी और अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची थी। मामले में पत्नी समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक अन्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, 6 अगस्त को कमलेश्वरी मिस्त्री ने नवगछिया थाना में आवेदन देकर बताया था कि उनका पुत्र उमेश शर्मा अपनी पत्नी के साथ डॉक्टर को दिखाने के लिए नवगछिया बाजार गया था, लेकिन वापस घर नहीं लौटा। शिकायत के आधार पर नवगछिया थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक, नवगछिया के निर्देश पर एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी, वैज्ञानिक एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई और मामले में मृतक की पत्नी अनिता देवी, सोहेल इरफान सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।

पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। प्रारंभिक जांच में प्रेम संबंध और आपसी साजिश के तहत हत्या किए जाने की बात सामने आई है। हालांकि पुलिस सभी तथ्यों की जांच कर रही है और फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी जारी है।

पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है तथा फरार अभियुक्त की गिरफ्तारी के बाद कई और अहम खुलासे होने की संभावना है।