भुरकुंडा की अंचल यादव बनीं मिस झारखंड, छठ महापर्व थीम पर प्रस्तुति से जीता सभी का दिल

जिले के भुरकुंडा सेंट्रल सौंदा निवासी अंचल यादव ने अपनी प्रतिभा और सांस्कृतिक प्रस्तुति के दम पर मिस झारखंड का खिताब अपने नाम कर लिया है। बॉबी एंटरटेनमेंट रांची द्वारा आयोजित ग्रैंड फिनाले सीजन-4 में अंचल यादव ने प्रथम स्थान हासिल कर रामगढ़ और भुरकुंडा क्षेत्र का नाम रोशन किया है।

अंचल यादव, जवाहिर यादव की पुत्री हैं। उन्होंने प्रतियोगिता में छठ महापर्व की पारंपरिक थीम पर शानदार प्रस्तुति दी, जिसने निर्णायकों और दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनकी प्रस्तुति में झारखंड-बिहार की सांस्कृतिक विरासत और लोक आस्था की झलक देखने को मिली, जिसे खूब सराहा गया।

अंचल की इस उपलब्धि से परिवार के साथ-साथ भुरकुंडा सेंट्रल सौंदा और आसपास के क्षेत्रों में खुशी का माहौल है। स्थानीय लोगों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

बताया जाता है कि अंचल यादव वर्तमान में एम.कॉम की पढ़ाई कर रही हैं और शिक्षा के साथ-साथ मॉडलिंग एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में भी सक्रिय हैं। मिस झारखंड का खिताब जीतकर उन्होंने युवाओं के लिए एक प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया है।

अंचल यादव की इस सफलता को क्षेत्र के लोग कोयलांचल के लिए गर्व का विषय मान रहे हैं |