शिबू सोरेन का पोस्टर हटाने पर प्राथमिकी दर्ज, पुलिस ने शुरू की जांच

झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के संस्थापक नेता रहे दिशोम गुरु शिबू सोरेन का पोस्टर हटाए जाने के मामले में बोकारो सिटी थाना में नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है। घटना के बाद राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

जानकारी के अनुसार, सिटी थाना क्षेत्र के कैंप-2 स्थित टाउन हॉल के समीप कुछ दिन पूर्व दिशोम गुरु शिबू सोरेन की पुण्यतिथि मनाई गई थी। इस अवसर पर झामुमो कार्यकर्ताओं द्वारा विभिन्न स्थानों पर उनके पोस्टर लगाए गए थे। आरोप है कि बाद में कुछ शरारती तत्वों ने इन पोस्टरों को फाड़ दिया और उनकी जगह दूसरे प्रकार के पोस्टर लगा दिए।

घटना की जानकारी मिलते ही झामुमो कार्यकर्ताओं में नाराजगी फैल गई। शनिवार की रात कार्यकर्ताओं ने इसका विरोध जताया और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। स्थिति को देखते हुए पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले को शांत कराया।

बोकारो सिटी डीएसपी राजीव रंजन ने बताया कि मामले में नामजद प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और जांच शुरू कर दी गई है। हालांकि उन्होंने जांच प्रभावित होने का हवाला देते हुए आरोपितों के नाम सार्वजनिक करने से इंकार किया। पुलिस आसपास के क्षेत्रों से साक्ष्य जुटाने और संबंधित लोगों से पूछताछ करने में लगी हुई है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी और यदि किसी की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ कानून के अनुसार कदम उठाए जाएंगे। वहीं झामुमो कार्यकर्ताओं ने दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।

इस घटना के बाद राजनीतिक हलकों में भी चर्चा तेज हो गई है। पुलिस प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से बचने की अपील की है।