11 अगस्त 2026: झारखंड बंद के दौरान मंगलवार को रामगढ़ जिले के कुजू ओपी क्षेत्र स्थित नया मोड़ पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने NH-33 रांची-पटना हाईवे को जाम कर दिया। सड़क जाम कर रहे भाजपा कार्यकर्ताओं ने झारखंड सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और कल विधानसभा मार्च के दौरान छात्र आंदोलनकारियों पर हुई पुलिस कार्रवाई का विरोध जताया।
भाजपा नेताओं का आरोप है कि जेपीएससी-जेएसएससी अभ्यर्थियों और छात्र आंदोलनकारियों के विरोध-प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने लाठीचार्ज किया। प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस और वॉटर कैनन का भी इस्तेमाल किया गया। इसी कार्रवाई के विरोध में भाजपा की ओर से आज झारखंड बंद का आह्वान किया गया है।
इसी बंद के समर्थन में रामगढ़ के नया मोड़ पर भाजपा कार्यकर्ता सड़क पर उतर आए और NH-33 को जाम कर दिया। कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए छात्र आंदोलनकारियों पर हुई कार्रवाई की निंदा की।
सड़क जाम होने के कारण रांची-पटना मुख्य मार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। हाईवे पर वाहनों की कतार लगने की स्थिति भी बनी। मौके पर भाजपा के कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
भाजपा नेता जागेश्वर प्रजापति, जय कुमार ओझा और अशोक कुमार ने बंद और विरोध प्रदर्शन को लेकर अपनी बात रखी। नेताओं ने छात्र आंदोलन के दौरान पुलिस कार्रवाई को लेकर सरकार पर निशाना साधा और दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
फिलहाल नया मोड़ पर भाजपा कार्यकर्ताओं का विरोध प्रदर्शन जारी है। प्रशासन की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है और यातायात व्यवस्था सामान्य कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।
