बिरसानगर थाना क्षेत्र स्थित रॉयल पालम ब्लॉक में बिजली आपूर्ति बाधित किए जाने को लेकर विवाद गहरा गया है। । ब्लॉक के कई निवासियों ने आस्था मैनेजमेंट पर सरकारी बिजली मीटर और सप्लाई तार से कथित छेड़छाड़ कर बिजली काटने का आरोप लगाया है। इस संबंध में आवासियों ने 10 अगस्त को बिरसानगर थाना प्रभारी को लिखित शिकायत सौंपते हुए तत्काल बिजली बहाल कराने और दोषियों के विरुद्ध बिजली अधिनियम के तहत कार्रवाई की मांग की है।
शिकायतकर्ताओं के अनुसार, दोपहर करीब 2:30 बजे बिजली सप्लाई के तार को काटकर पैनल बोर्ड को सील कर दिया गया, जिसके बाद पूरे ब्लॉक की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। आवासियों का कहना है कि इससे पहले भी बिजली और पानी की सप्लाई बंद किए जाने को लेकर थाना में शिकायत दर्ज कराई जा चुकी है, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया।
निवासियों का आरोप है कि बिजली कटने से ब्लॉक में रहने वाले लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उनका कहना है कि परिसर में गर्भवती महिलाएं, बुजुर्ग, बच्चे और बीमार लोग रहते हैं, जिनके लिए बिजली की अनुपलब्धता गंभीर समस्या बन गई है। गर्मी और आवश्यक घरेलू सुविधाओं के प्रभावित होने से लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।
आवासियों ने प्रशासन और बिजली विभाग से मामले की निष्पक्ष जांच कर जल्द से जल्द बिजली आपूर्ति बहाल कराने की मांग की है। वहीं, शिकायत मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। मामले को लेकर संबंधित पक्ष की प्रतिक्रिया का इंतजार किया जा रहा है।
