गौरीबाजार में स्कूल बस का टायर फटा, ई-रिक्शा से भिड़ंत; चालक की मौत, कई बच्चे और शिक्षक घायल

देवरिया जिले के गौरीबाजार थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। विशुनपुरा-हाटा रोड पर स्कूल बस का आगे का बायां टायर अचानक फट गया। इसके बाद अनियंत्रित हुई बस आगे चल रहे ई-रिक्शा से जा टकराई। हादसे में ई-रिक्शा चालक की मौत हो गई, जबकि ई-रिक्शा में सवार स्कूली बच्चों और बस में बैठे शिक्षकों को चोटें आई हैं।

पुलिस के अनुसार, हादसा मंगलवार सुबह करीब 8:20 बजे हुआ। एसबीटी पब्लिक स्कूल की बस संख्या UP 52 T 7947 शिक्षकों को लेकर स्कूल की ओर जा रही थी। इसी दौरान विशुनपुरा-हाटा रोड पर बस के आगे बाईं तरफ का टायर अचानक फट गया।

टायर फटने के बाद बस अनियंत्रित हो गई और आगे जा रहे ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर में ई-रिक्शा चालक अकबर अली पुत्र मुकादीर अली गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

हादसे में ई-रिक्शा में सवार एसबीटी पब्लिक स्कूल के बच्चों और बस में बैठे शिक्षकों को भी चोटें आई हैं। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हादसे की जानकारी जुटाई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों और दुर्घटना की परिस्थितियों को लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।