पटना सिटी के नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल के जल्ला रोड स्थित टीवी सेंटर के पीछे दीवार गिरने से बड़ा हादसा हो गया। हादसे में कई लोग घायल हुए हैं। घायलों में बच्चे और गर्भवती महिलाएं भी शामिल हैं।
जानकारी के मुताबिक, हादसे में दुर्गा नाम की एक बच्ची की इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं करीब पांच से छह घायलों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। गंभीर रूप से घायल लोगों को नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल के अलावा पीएमसीएच रेफर किया गया है।
हादसे में कुछ छोटी बच्चियां भी घायल हुई हैं, जिनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं घायल गर्भवती महिलाओं को लेकर भी चिंता जताई जा रही है। परिजनों के अनुसार, एक गर्भवती महिला के पेट में बच्चे की हलचल महसूस नहीं होने की बात सामने आई है। हालांकि, इसकी पुष्टि चिकित्सकीय जांच के बाद ही हो सकेगी।
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और स्थानीय लोगों में आक्रोश है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के कारणों और दीवार गिरने की परिस्थितियों की जांच की जा रही है।
