प्रेमी के शादी से इनकार पर मोबाइल टावर पर चढ़ी युवती, ढाई घंटे बाद सुरक्षित उतारी गई

रक्सौल के हरैया थाना क्षेत्र में प्रेम प्रसंग से जुड़ा एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। प्रेमी के शादी से इनकार करने से नाराज युवती मोबाइल टावर पर चढ़ गई और पुलिस-प्रशासन से प्रेमी के साथ शादी कराने की मांग करने लगी। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस और प्रशासन की टीम पहुंची।

मामला हरैया थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर एक का बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, परेऊंवा निवासी युवती का आदापुर निवासी एक युवक के साथ प्रेम संबंध बताया जा रहा है। युवती का आरोप है कि युवक अब उसे अपनाने के लिए तैयार नहीं है। इसी बात से नाराज होकर युवती मोबाइल टावर पर चढ़ गई।

युवती के टावर पर चढ़ने की सूचना मिलते ही मौके पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई। स्थिति को देखते हुए पुलिस और प्रशासन की टीम ने युवती को समझाने का प्रयास शुरू किया। करीब ढाई घंटे तक समझाइश के बाद युवती को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया।

पुलिस ने युवती से पूरे मामले की जानकारी ली और घटना के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। हरैया थानाध्यक्ष किशन कुमार ने बताया कि पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर युवती को समझाया, जिसके बाद उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया गया।

घटना के बाद इलाके में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।