विज्ञान शिक्षक नहीं तो SP बने गुरुजी, छात्राओं को पढ़ाया ‘प्रकाश’ का पाठ

जिले के बगहा स्थित सहकारी प्रोजेक्ट बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, पटखौली में सोमवार को छात्राओं के लिए पढ़ाई का अनुभव कुछ अलग रहा। विद्यालय में विज्ञान शिक्षक उपलब्ध नहीं होने की जानकारी मिलने पर बगहा एसपी राजेश कुमार स्वयं कक्षा में पहुंचे और दसवीं कक्षा की छात्राओं को भौतिकी का पाठ पढ़ाया। इस दौरान एसडीपीओ बगहा निहार भूषण भी ब्लैक बोर्ड पर छात्राओं को पढ़ाते नजर आए।

एसपी राजेश कुमार ने कक्षा दसवीं की छात्राओं को भौतिकी के अध्याय ‘प्रकाश-परावर्तन तथा अपवर्तन’ की पढ़ाई कराई। उन्होंने परावर्तन और अपवर्तन की मूल अवधारणाओं को छात्राओं को सरल भाषा में समझाया। साथ ही रोजमर्रा की जिंदगी में इन सिद्धांतों के उपयोग से जुड़े उदाहरण भी बताए, ताकि छात्राएं विषय को आसानी से समझ सकें।

कक्षा के दौरान एसपी ने छात्राओं से सवाल भी पूछे और उनके जवाब सुने। उन्होंने छात्राओं को पढ़ाई के प्रति गंभीर रहने और कठिन विषयों को समझने के लिए लगातार अभ्यास करने की सलाह दी। पुलिस अधिकारी को शिक्षक की भूमिका में देखकर छात्राओं में भी उत्साह नजर आया।

वहीं एसडीपीओ निहार भूषण ने भी ब्लैक बोर्ड पर छात्राओं को विषय से संबंधित जानकारी दी। पुलिस अधिकारियों की इस पहल से विद्यालय में सकारात्मक माहौल देखने को मिला। छात्राओं ने भी कक्षा में सक्रिय रूप से हिस्सा लिया और अपने सवाल अधिकारियों के सामने रखे।

बताया गया कि विद्यालय में विज्ञान शिक्षक उपलब्ध नहीं होने की जानकारी मिलने के बाद एसपी ने स्वयं छात्राओं की पढ़ाई में सहयोग करने का निर्णय लिया। उनका यह कदम शिक्षा के प्रति प्रशासन की जिम्मेदारी और छात्राओं के भविष्य को लेकर संवेदनशीलता को दर्शाता है।

पुलिस अधिकारियों द्वारा कक्षा में पहुंचकर छात्राओं को पढ़ाने की यह पहल इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है। इससे छात्राओं को न सिर्फ भौतिकी के विषय को समझने का अवसर मिला, बल्कि उन्हें अधिकारियों से सीधे संवाद करने और उनसे प्रेरणा लेने का भी मौका मिला।