हीरापुर में फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता, 100 से अधिक बच्चों ने दिखाई प्रतिभा

ग्लोबल बंगाली वेलफेयर सोसाइटी के तत्वावधान में हीरापुर स्थित कोयलांचल पब्लिक स्कूल में भव्य फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में 100 से अधिक स्कूली बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बच्चों ने विभिन्न आकर्षक वेशभूषा में अपनी प्रस्तुतियां देकर प्रतिभा और रचनात्मकता का शानदार प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने एक से बढ़कर एक रूप धारण कर अपनी प्रस्तुतियों से उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। रंगारंग आयोजन में बच्चों का उत्साह देखते ही बना।

ये रहे प्रतियोगिता के विजेता

प्रतियोगिता में अनन्या कुमारी ने प्रथम स्थान हासिल किया। अर्णव कुमार ने द्वितीय और श्रीयांशी कुमारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

प्रतियोगिता के आयोजन और मूल्यांकन में ग्लोबल बंगाली वेलफेयर सोसाइटी के अध्यक्ष शुभांकर मित्रा, सचिव सोनाली बनर्जी, एग्जीक्यूटिव मेंबर संता साहा, विद्यालय के संस्थापक सह प्रिंसिपल संजय कुमार और जूरी सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

इस अवसर पर संस्था के अध्यक्ष शुभांकर मित्रा ने बच्चों की शानदार प्रस्तुतियों की सराहना की। उन्होंने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ आत्मविश्वास और रचनात्मकता विकसित करने का अवसर प्रदान करते हैं।

कार्यक्रम के अंत में कोयलांचल पब्लिक स्कूल के प्रिंसिपल संजय कुमार ने सफल आयोजन के लिए ग्लोबल बंगाली वेलफेयर सोसाइटी के सभी पदाधिकारियों और सदस्यों का आभार व्यक्त किया।