पिथौरागढ़ जिले की थल तहसील के हीपा गांव में जंगली सूअरों का आतंक किसानों के लिए बड़ी समस्या बन गया है। गांव के किसानों का आरोप है कि जंगली सूअर लगातार उनके धान के खेतों में घुसकर तैयार फसल को नुकसान पहुंचा रहे हैं, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
ग्रामीण रमेश सिंह कार्की ने बताया कि रात के समय जंगली सूअर खेतों में पहुंच जाते हैं और धान की खड़ी फसल को रौंदकर बर्बाद कर देते हैं। कई किसानों की फसल का बड़ा हिस्सा नष्ट हो चुका है, जिससे उनकी चिंता बढ़ गई है। किसानों का कहना है कि पूरे साल की मेहनत पर पानी फिरता नजर आ रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार, जंगली सूअरों का झुंड लगभग हर रात खेतों में पहुंच रहा है। फसल को बचाने के लिए किसान रातभर खेतों की रखवाली करने को मजबूर हैं। इसके बावजूद जंगली जानवरों को रोक पाना मुश्किल साबित हो रहा है। किसानों का कहना है कि लगातार हो रहे नुकसान से उनकी आर्थिक स्थिति प्रभावित हो रही है।
पीड़ित किसानों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से नुकसान का सर्वे कराने की मांग की है। उनका कहना है कि जिन किसानों की फसल बर्बाद हुई है, उन्हें उचित मुआवजा दिया जाना चाहिए। साथ ही जंगली सूअरों से फसलों की सुरक्षा के लिए स्थायी समाधान भी निकाला जाए, ताकि भविष्य में किसानों को इस तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया तो किसानों की मुश्किलें और बढ़ सकती हैं। फिलहाल किसान प्रशासन और वन विभाग से राहत की उम्मीद लगाए बैठे हैं।
