समस्तीपुर शहर के मगरदही घाट स्थित बाबा गणिनाथ मंदिर परिसर में मध्यदेशीय वैश्य कानू संघ के तत्वावधान में जन-जन के उद्धारक संत बाबा गणिनाथ गोविंद जी का पूजन एवं जयंती समारोह श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया गया। सूर्योदय के साथ ही मंदिर के पट खुलते ही पूरा परिसर बाबा गणिनाथ जी के जयकारों से गूंज उठा और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। श्रद्धालु सुप्ती-मौनी में नैवेद्य लेकर अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए। पूजा में महिलाओं की भागीदारी विशेष रूप से देखने को मिली। श्रद्धालुओं ने पूरे श्रद्धाभाव के साथ बाबा गणिनाथ गोविंद जी एवं अन्य देवी-देवताओं की पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि और मनोकामनाओं की पूर्ति की कामना की।
समारोह के दौरान कुलदेवता बाबा गणिनाथ सहित 14 देवी-देवताओं का विधिवत पूजन किया गया। धार्मिक अनुष्ठानों के साथ भजन-कीर्तन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। श्रद्धालुओं ने संत बाबा गणिनाथ गोविंद जी के बताए मार्ग पर चलने और समाज में एकता एवं सद्भाव बनाए रखने का संकल्प लिया।
आयोजकों ने बताया कि बाबा गणिनाथ गोविंद जी की जयंती समाज को एकजुट करने और उनकी शिक्षाओं को जन-जन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण अवसर है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाज के लोगों, गणमान्य व्यक्तियों एवं श्रद्धालुओं ने भाग लिया और आयोजन की सफलता में सहयोग दिया।
