धनबाद में टोटो पर गिरा पेड़, चालक समेत दो लोग घायल

धनबाद में शुक्रवार की सुबह से रुक-रुक कर हो रही बारिश के बीच लुबी सर्कुलर रोड के समीप बड़ा हादसा हो गया। सड़क से गुजर रहे एक टोटो पर अचानक एक बड़ा पेड़ गिर गया। पेड़ गिरने से टोटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के वक्त टोटो में चालक के अलावा एक सवारी भी मौजूद थी।

गनीमत रही कि हादसे में दोनों की जान बच गई। घटना में टोटो चालक और सवारी को हल्की चोटें आई हैं। हादसे के बाद मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

घटना की सूचना मिलते ही नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची और सड़क पर गिरे पेड़ को हटाने का काम शुरू किया। पेड़ गिरने के कारण कुछ समय तक सड़क पर आवागमन भी प्रभावित रहा। नगर निगम की टीम ने पेड़ को हटाकर सड़क को यातायात के लिए सामान्य करने का प्रयास किया।

लगातार बारिश के बीच पेड़ गिरने की इस घटना ने सड़क किनारे मौजूद पेड़ों और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं।