तीनपहाड़ में दो लाख की कथित छिनतई, अब तक नहीं मिला लिखित आवेदन; CCTV खंगाल रही पुलिस

साहिबगंज जिले के तीनपहाड़ थाना क्षेत्र में दो लाख रुपये और मोबाइल फोन की कथित छिनतई का मामला सामने आया है। निमगाछी गांव के समीप शामपुर और डांगाटोक के बीच एक सीमेंट व्यापारी के कर्मी से हथियार के बल पर रुपये और मोबाइल फोन छीनने की सूचना है। हालांकि, घटना को लेकर अब तक पीड़ित की ओर से थाना में कोई लिखित आवेदन नहीं दिया गया है। ऐसे में पुलिस सूचना के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार, बरहेट थाना क्षेत्र के एक सीमेंट व्यापारी का कर्मी राजमहल थाना क्षेत्र के फूलबड़िया स्थित एक सीमेंट व्यापारी के यहां बकाया राशि का तगादा करने गया था। वहां से बाइक से बरहेट लौटने के दौरान शामपुर और डांगाटोक के बीच कथित तौर पर अपाची बाइक सवार चार अज्ञात लोगों ने उसका पीछा किया और बाइक रोक दी।

कर्मी के अनुसार, आरोपियों ने हथियार का भय दिखाकर बाइक की डिक्की में रखे करीब दो लाख रुपये और मोबाइल फोन अपने कब्जे में ले लिए और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद कर्मी निमगाछी पहुंचा और एक राहगीर के मोबाइल फोन से अपने मालिक को घटना की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस को मामले की सूचना दी गई।

सूचना मिलने के बाद तीनपहाड़ थाना प्रभारी गौरव भगत पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी लेते हुए जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेने के साथ आसपास के इलाकों और आने-जाने वाले रास्तों की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है।

पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। इसके अलावा कर्मी की गतिविधियों, उसके आने-जाने के रास्ते और कथित तौर पर ले जाए गए रुपये से संबंधित जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि घटना बताए गए तरीके से हुई या इसके पीछे कोई अन्य कारण है।

थाना प्रभारी गौरव भगत ने बताया कि अभी तक पीड़ित की ओर से लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। पुलिस सूचना मिलने के बाद मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पूर्व में भी क्षेत्र में छिनतई की कुछ शिकायतें सामने आई थीं, जिनमें जांच के बाद शिकायतें फर्जी पाई गई थीं।

फिलहाल पुलिस CCTV फुटेज और उपलब्ध अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की वास्तविक स्थिति का पता लगाने में जुटी है। लिखित शिकायत और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।