फरक्का जल संधि के नवीनीकरण का जदयू ने किया विरोध, बिहार के हक की उठाई आवाज

बिहार के पश्चिम चंपारण जिले के बगहा में जदयू ने फरक्का जल संधि के नवीनीकरण का विरोध करते हुए बिहार के हितों की आवाज उठाई। शुक्रवार को जिला मुख्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में जदयू जिलाध्यक्ष सह पूर्व विधायक प्रभात रंजन सिंह ने कहा कि फरक्का जल संधि बिहार के हित में नहीं है, इसलिए इसका नवीनीकरण नहीं किया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि फरक्का जल संधि का असर बिहार में सिंचाई, पेयजल, उद्योग और आम लोगों की आजीविका से जुड़े मुद्दों पर पड़ता है। ऐसे में केंद्र सरकार को बिहार के हितों को ध्यान में रखते हुए इस मुद्दे पर गंभीरता से पुनर्विचार करना चाहिए।

जदयू नेता ने बताया कि पार्टी की ओर से ‘फरक्का जल संधि पर नीतीश संवाद’ अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत बिहार के गंगा किनारे बसे 12 जिलों में लोगों के बीच जाकर फरक्का जल संधि से जुड़े मुद्दों पर संवाद किया जा रहा है।

प्रेसवार्ता के दौरान जदयू नेताओं ने कहा कि बिहार के जल संसाधनों और गंगा से जुड़े हितों को लेकर पार्टी लगातार अपनी आवाज उठाती रहेगी। पार्टी का कहना है कि किसी भी समझौते के नवीनीकरण से पहले बिहार पर पड़ने वाले उसके प्रभाव का आकलन किया जाना जरूरी है।