आसनसोल में अपराधियों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर दिल्ली पब्लिक स्कूल (DPS) के पास नाइट ड्यूटी पर जा रहे एक कर्मचारी को बाइक सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने गोली मार दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। घायल कर्मचारी को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घायल की पहचान सालानपुर थाना क्षेत्र के अल्लाडी पंचायत अंतर्गत धागुड़ी निवासी हरिदास लायक (43) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि हरिदास रोज की तरह बाइक से आसनसोल स्थित श्रीहरि ग्लोबल स्कूल में नाइट ड्यूटी के लिए जा रहे थे।
इसी दौरान NH-19 पर DPS के पास बाइक सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने उनका रास्ता रोकने की कोशिश की। आरोप है कि बदमाशों ने हरिदास के पास मौजूद बैग छीनने का प्रयास किया। विरोध करने पर बदमाशों ने उन्हें गोली मार दी और मौके से फरार हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायल हरिदास को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की पहचान के लिए आसपास के इलाके में जानकारी जुटाई जा रही है।
NH-19 जैसे व्यस्त मार्ग पर हुई इस घटना से लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी है और घटना के पीछे लूट की कोशिश समेत अन्य संभावित कारणों की जांच की जा रही है।
