हिंदी के साथ भारतीय भाषाओं के संरक्षण का भी लें संकल्प : उपायुक्त

समाहरणालय परिसर में हिंदी पखवाड़ा कार्यक्रम का शुभारंभ उपायुक्त अजय नाथ झा, उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार सहित अन्य पदाधिकारियों ने गुब्बारे उड़ाकर किया। इस दौरान हिंदी के महत्व और दैनिक जीवन में इसके अधिकाधिक प्रयोग को लेकर जागरूकता का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में नुक्कड़ नाटक ‘हिंदी का कत्ल हो गया’ का प्रभावशाली मंचन किया गया। कलाकारों ने नाटक के माध्यम से हिंदी भाषा के सम्मान, महत्व और व्यवहार में इसके प्रयोग पर जोर दिया। इसके साथ ही ‘वंदे हिंदी मातरम्, राजभाषा मातरम्’ की संगीतमय प्रस्तुति ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों का ध्यान आकर्षित किया।

इस अवसर पर उपायुक्त अजय नाथ झा ने सभी को हिंदी दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि हिंदी दिवस का आयोजन केवल एक दिन तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि पूरे वर्ष हिंदी के प्रति प्रतिबद्धता और लगाव बनाए रखने की जरूरत है।

उन्होंने कहा कि भारत, विशेषकर झारखंड, भाषाई विविधता वाला क्षेत्र है। ऐसे में हिंदी के साथ-साथ देश की अन्य भारतीय भाषाओं के संरक्षण और संवर्धन के लिए भी सामूहिक प्रयास किया जाना चाहिए।

कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों एवं कर्मियों ने हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग और भारतीय भाषाओं के संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। हिंदी पखवाड़ा के तहत आने वाले दिनों में विभिन्न कार्यक्रमों एवं प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा