दुर्गा पूजा को लेकर बोकारो के सेक्टर-2/सी में तैयारियां जोर पकड़ने लगी हैं। दुर्गा पूजा मैदान में बल्ली पूजा और भूमि पूजन के साथ इस वर्ष के पूजा आयोजन का विधिवत शुभारंभ किया गया। पूजा कमिटी के पदाधिकारियों और सदस्यों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर सफल आयोजन की कामना की।
पूजा कमिटी के अध्यक्ष संदीप सिंह ने बताया कि इस वर्ष श्रद्धालुओं के लिए करीब 15 लाख रुपये की लागत से भव्य पूजा पंडाल तैयार किया जाएगा। पंडाल का स्वरूप नासिक के लक्ष्मी नारायण मंदिर की तर्ज पर रखा जाएगा, जो श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहेगा।
उन्होंने बताया कि पूजा के लिए माता दुर्गा की आकर्षक प्रतिमा आसनसोल से मंगाई जाएगी। प्रतिमा और पंडाल को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
पूजा परिसर में बच्चों और श्रद्धालुओं के मनोरंजन के लिए विभिन्न प्रकार के झूले भी लगाए जाएंगे। इसके अलावा मीना बाजार में लोग खरीदारी का आनंद ले सकेंगे। पूजा परिसर में विभिन्न प्रकार के स्वादिष्ट व्यंजनों की व्यवस्था भी रहेगी।
पूजा कमिटी की ओर से आयोजन को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। आयोजकों को उम्मीद है कि दुर्गा पूजा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु सेक्टर-2/सी पहुंचेंगे और भव्य पंडाल व पूजा उत्सव का आनंद लेंगे।
