गुरु नानक कॉलेज, धनबाद में गुरु नानक देव व्याख्यानमाला के तहत गुरुवार को ‘संवैधानिक लोकतंत्र बनाम लोकप्रिय लोकतंत्र’ विषय पर विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया। राजनीति विज्ञान विभाग की ओर से एसजेएस ग्रेवाल ऑडिटोरियम, भूदा परिसर में आयोजित कार्यक्रम में जादवपुर विश्वविद्यालय, कोलकाता के अंतरराष्ट्रीय संबंध विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ. अब्दुल मतीन मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत विषय आधारित प्रदर्शनी के अवलोकन से हुई। इसके बाद कॉलेज की प्राचार्या डॉ. रंजना दास ने स्वागत भाषण दिया और लोकतांत्रिक मूल्यों के साथ संवैधानिक व्यवस्था के महत्व पर प्रकाश डाला।
मुख्य वक्ता डॉ. अब्दुल मतीन ने अपने व्याख्यान में लोकतंत्र की संवैधानिक संरचना, जनमत की भूमिका और लोकतांत्रिक व्यवस्था से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने संवैधानिक लोकतंत्र और लोकप्रिय लोकतंत्र की अवधारणाओं को समझाते हुए विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक संस्थाओं और संवैधानिक मूल्यों के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम में कॉलेज के शिक्षक, विद्यार्थी और अन्य उपस्थित लोगों ने विषय से जुड़े विचारों और चर्चा को ध्यानपूर्वक सुना। व्याख्यान के माध्यम से लोकतांत्रिक व्यवस्था को समझने और संवैधानिक मूल्यों पर विमर्श का अवसर मिला।
