तोपचांची में NGT नियमों की जांच के दौरान हंगामा, जिला परिषद उपाध्यक्ष को धमकाने का आरोप

धनबाद के तोपचांची के कालाझार में पत्थर क्रशर से जुड़ी शिकायत की जांच करने पहुंची जिला परिषद उपाध्यक्ष सरिता देवी के साथ कथित तौर पर दुर्व्यवहार और उन्हें मौके से हटाने का आरोप लगा है। मामला कतरी नदी पर कथित अवैध पुल निर्माण और पत्थर खदान में NGT के नियमों के उल्लंघन से जुड़ी शिकायत का है। जिला परिषद उपाध्यक्ष सरिता देवी ने इस संबंध में लिखित शिकायत दी थी, जिसके बाद जांच कमिटी का गठन किया गया।

शुक्रवार को DMO राकेश तिग्गा, तोपचांची CO नूपुर कुमारी समेत अन्य अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची। जिला परिषद उपाध्यक्ष सरिता देवी भी कमिटी की सदस्य के तौर पर जांच में शामिल थीं। आरोप है कि मौके पर पहुंचते ही क्रशर संचालक और उसके कुछ सहयोगियों ने सरिता देवी तथा गिरिडीह सांसद प्रतिनिधि सुभाष रवानी के साथ कथित तौर पर बहस की और उन्हें वहां से जाने के लिए दबाव बनाया।

मामले में जांच टीम ने मौके पर मौजूद लोगों से जानकारी ली। वहीं, पूरे घटनाक्रम को लेकर संबंधित पक्षों की ओर से अलग-अलग दावे किए जा रहे हैं। अधिकारियों की जांच और आगे की कार्रवाई के बाद ही मामले की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।