अपर्णा पब्लिक स्कूल में दो दिवसीय ‘बाल कवि सम्मेलन’ का भव्य आयोजन

अपर्णा पब्लिक स्कूल में विद्यार्थियों की रचनात्मक और साहित्यिक प्रतिभा को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से 24 एवं 25 सितंबर को दो दिवसीय ‘बाल कवि सम्मेलन’ का आयोजन किया गया। हिंदी और अंग्रेजी भाषा में आयोजित इस कार्यक्रम में नर्सरी से कक्षा दसवीं तक के करीब 150 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।

सम्मेलन के दौरान विद्यार्थियों ने स्वरचित और हास्य कविताओं का प्रभावशाली प्रस्तुतीकरण किया। उनकी रचनाओं में राष्ट्रप्रेम, परिवार, प्रकृति-प्रेम, मां, पिता और बहन जैसे भावनात्मक विषयों के साथ-साथ ‘स्क्रीन के पीछे का सच’, ‘यहां सब बिकता है’, विद्यार्थी जीवन और वृद्धाश्रम जैसे सामाजिक विषय भी देखने को मिले।

विद्यार्थियों ने पूरे आत्मविश्वास के साथ अपनी कविताएं प्रस्तुत कीं। उनकी रचनाओं में सामाजिक सरोकारों के साथ मानवीय संवेदनाओं और जीवन के विभिन्न पहलुओं को रचनात्मक तरीके से अभिव्यक्त किया गया।

कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में कविता और साहित्य के प्रति रुचि विकसित करने के साथ उनकी कल्पनाशक्ति, अभिव्यक्ति क्षमता और मंचीय आत्मविश्वास को बढ़ावा देना रहा। बाल कवि सम्मेलन में विद्यार्थियों की प्रतिभा और उत्साह ने आयोजन को खास बना दिया।