चुनाव आयोग के खिलाफ भाकपा माले का प्रदर्शन, मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग

धनबाद के रणधीर वर्मा चौक पर भाकपा माले ने चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन किया और पुतला दहन किया। प्रदर्शन में आयशा छात्र संगठन के छात्र-छात्राओं ने भी हिस्सा लिया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग करते हुए चुनाव प्रक्रिया में कथित गड़बड़ी की जांच कराने की मांग उठाई।

भाकपा माले नेताओं ने कहा कि द इंडियन एक्सप्रेस में प्रकाशित एक रिपोर्ट के बाद चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और मतदाता सूची से जुड़े फैसलों को लेकर सवाल उठे हैं। प्रदर्शनकारियों ने इन रिपोर्टों के आधार पर चुनाव प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं की जांच कराने की मांग की। हालांकि, चुनाव आयोग ने रिपोर्ट में उठाए गए मतभेदों को संस्थागत विचार-विमर्श का हिस्सा बताते हुए कहा है कि उसके हालिया आदेश पूर्ण आयोग की सर्वसम्मत निर्णय प्रक्रिया के तहत लिए गए हैं।

प्रदर्शन के दौरान भाकपा माले कार्यकर्ताओं ने लोकतांत्रिक और संवैधानिक संस्थाओं की पारदर्शिता बनाए रखने की मांग की। नेताओं ने कहा कि मतदाता सूची और चुनाव प्रक्रिया से जुड़े किसी भी विवाद की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए, ताकि मतदाताओं का भरोसा कायम रहे।

कार्यकर्ताओं ने कथित तौर पर प्रभावित चुनावों की जांच और जरूरत पड़ने पर दोबारा चुनाव कराने की मांग भी उठाई। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया से जुड़े सवालों का समाधान पारदर्शी तरीके से किया जाना चाहिए।

प्रदर्शन के दौरान केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी भी की गई। भाकपा माले नेताओं ने कहा कि उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार किया जाना चाहिए और चुनाव प्रक्रिया से जुड़े आरोपों की जांच कर स्थिति स्पष्ट की जानी चाहिए।