रांची रेलवे स्टेशन के बाहर से लापता 4 साल का बच्चा साहिबगंज से सकुशल बरामद, चार लोग हिरासत में

रांची रेलवे स्टेशन के बाहर से लापता हुआ चार वर्षीय बच्चा करीब तीन दिन बाद साहिबगंज जिले के तीनपहाड़ थाना क्षेत्र स्थित बाबूपाड़ा से सकुशल बरामद कर लिया गया। बच्चे के लापता होने के बाद रांची पुलिस ने मामले की जांच तेज करते हुए सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की तलाश शुरू की थी।

जांच के दौरान पुलिस ने धनबाद से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। पूछताछ में मिले सुराग के आधार पर रांची पुलिस की टीम साहिबगंज के तीनपहाड़ पहुंची। स्थानीय पुलिस के सहयोग से रविवार सुबह बच्चे को बाबूपाड़ा इलाके से बरामद कर लिया गया।

पुलिस ने मामले में करीब चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। बच्चे के रांची से साहिबगंज पहुंचने की परिस्थितियों और इसमें शामिल लोगों की भूमिका को लेकर पुलिस जांच कर रही है।

24 सितंबर को दर्ज हुई थी शिकायत

जानकारी के अनुसार बच्चे की मां दिलमेट राजवाड़े आंध्र प्रदेश के सलेम से काम करके अपने बच्चे के साथ छत्तीसगढ़ लौट रही थीं। इसी दौरान 24 सितंबर को रांची रेलवे स्टेशन के बाहर से बच्चा लापता हो गया।

बच्चे के लापता होने के बाद परिजनों ने चुटिया थाना में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर जांच शुरू की।

पुलिस जांच में सामने आया सुराग

रांची पुलिस ने जांच के दौरान मिले सुराग के आधार पर धनबाद से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद पुलिस को साहिबगंज के तीनपहाड़ क्षेत्र से जुड़े कुछ अहम सुराग मिले, जिसके बाद टीम वहां पहुंची।

स्थानीय पुलिस की मदद से रविवार सुबह बाबूपाड़ा से बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया गया। बच्चे की बरामदगी के बाद पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।

चुटिया थाना इंस्पेक्टर पूनम कुजूर की निगरानी में मामले की जांच की जा रही है। पुलिस हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है।