बरहरवा रेलवे स्टेशन पर रविवार की रात करीब 2 बजे RPF की राउंड-सर्च ड्यूटी के दौरान फुट ओवरब्रिज के पास दो नाबालिग बच्चे संदिग्ध स्थिति में मिले। RPF इंस्पेक्टर संजीव कुमार के नेतृत्व में टीम ने दोनों बच्चों से पूछताछ की और सुरक्षा के मद्देनजर उन्हें रेस्क्यू किया।
पूछताछ और काउंसलिंग के दौरान एक बच्चे ने घर में प्रताड़ना और पिता की नशे की लत से जुड़ी परेशानी की जानकारी दी। वहीं, दूसरे बच्चे ने बताया कि वह अपने दोस्त के साथ स्टेशन आया था और ट्रेन से बाहर जाने की बात कही।
दोनों बच्चों की उम्र करीब 14 वर्ष बताई गई है। स्थिति को देखते हुए RPF ने Child Help Line Railway, Sahibganj को मामले की सूचना दी। चाइल्ड हेल्पलाइन की टीम के स्टेशन पहुंचने के बाद आवश्यक प्रक्रिया पूरी की गई।
इसके बाद दोनों नाबालिगों को सुरक्षा, देखभाल और आगे की आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के लिए चाइल्ड हेल्पलाइन के सुपुर्द कर दिया गया। RPF की सतर्कता के चलते दोनों बच्चों को समय रहते सुरक्षित संरक्षण मिल सका।
