रविवार की पूरी रात बोकारो पुलिस की ओर से ड्रिंक एंड ड्राइव के खिलाफ अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा के निर्देश पर चास थाना क्षेत्र में रात्रि गश्ती, टाइगर मोबाइल और रक्षक राइडर की सक्रियता एवं प्रभावशीलता का औचक निरीक्षण भी किया गया।
निरीक्षण के दौरान एसपी नाथू सिंह मीणा और एएसपी वेदांत शंकर ने गश्ती दल एवं रक्षक राइडर्स को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अधिकारियों ने थाना क्षेत्र के संवेदनशील और चिन्हित स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने को कहा।
पुलिस अधिकारियों ने बैंक और एटीएम, आवासीय इलाकों, सुनसान स्थानों तथा पूर्व में चोरी की घटनाओं से प्रभावित क्षेत्रों में सघन गश्ती करने का निर्देश दिया। गश्ती के दौरान निर्धारित स्थानों पर QR कोड स्कैन करने और पुलिस की मौजूदगी दर्ज करने पर भी जोर दिया गया।
इसके अलावा रात के समय अनावश्यक रूप से बाहर घूमने वाले लोगों से उनकी पहचान और बाहर निकलने के उद्देश्य के बारे में विधिवत पूछताछ करने का निर्देश दिया गया, ताकि संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी ढंग से नजर रखी जा सके।
पुलिस की ओर से रात के समय सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई करने पर जोर दिया गया। ड्रिंक एंड ड्राइव अभियान के जरिए भी सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को लेकर सख्ती बरती गई।
