पूर्वी चंपारण जिले के बंजरिया प्रखंड क्षेत्र में ड्यूटी से लौट रहे शिक्षक शमशाद आलम की हत्या के बाद राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। घटना के बाद पूर्वी चंपारण राजद का एक शिष्टमंडल सिसवा पूर्वी पंचायत के शाहबाज टोला स्थित मृतक के घर पहुंचा और परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की।
राजद नेताओं ने मृतक शिक्षक के पिता मो. रफीस समेत परिवार के अन्य सदस्यों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली। इस दौरान नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव से वीडियो कॉल के जरिए मृतक के पिता की बातचीत कराई गई।
वीडियो कॉल के दौरान तेजस्वी यादव ने मृतक के पिता को न्याय का भरोसा दिलाया। परिजनों ने भी कहा कि उन्हें तेजस्वी यादव पर भरोसा है और उम्मीद है कि मामले में उन्हें न्याय मिलेगा।
मृतक शिक्षक शमशाद आलम के आवास पर पहुंचे राजद शिष्टमंडल में पूर्व मंत्री डॉ. समीम अहमद, पूर्व विधायक लक्ष्मी नारायण यादव, राजद जिलाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक मनोज यादव समेत कई नेता शामिल रहे। नेताओं ने परिजनों को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया और घटना पर संवेदना व्यक्त की।
राजद नेताओं ने शिक्षक शमशाद आलम की हत्या की घटना को लेकर परिवार के सदस्यों से विस्तृत जानकारी ली। इस दौरान मामले में न्याय की मांग भी उठाई गई।
