जमशेदपुर में पुलिस का सघन गश्ती अभियान, गलियों से चौक-चौराहों तक निगरानी तेज

शहर में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और अपराध पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से वरीय पुलिस अधीक्षक, पूर्वी सिंहभूम के नेतृत्व में रविवार को सघन गश्ती अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान शहर की गलियों, मोहल्लों, चौक-चौराहों और प्रमुख मार्गों पर पुलिस टीमों ने लगातार गश्त की।

सघन गश्ती अभियान में टैंगो, टाइगर मोबाइल, माइक वाहन, हाईवे पेट्रोल के साथ-साथ विभिन्न थाना क्षेत्रों की गश्ती टीमों को शामिल किया गया। पुलिस बल ने शहर के संवेदनशील और प्रमुख इलाकों में भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

गश्ती के दौरान पुलिस टीमों ने प्रमुख स्थानों और सार्वजनिक क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाई। अभियान का उद्देश्य शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ लोगों में सुरक्षा का भरोसा मजबूत करना है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शहर में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह का सघन गश्ती अभियान लगातार जारी रहेगा। संवेदनशील इलाकों में पुलिस की गतिविधियों को और प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया जा रहा है।