बगहा में चंपारण तटबंध का बांध टूटा, रिहायशी इलाकों की ओर तेजी से बढ़ रहा गंडक का पानी

पश्चिम चंपारण जिले के बगहा से बड़ी खबर सामने आई है, जहां चखनी पंचायत के खैरटवा गांव के समीप गंडक नदी का चंपारण तटबंध तेज बहाव और पानी के दबाव के कारण टूट गया। बांध टूटने के बाद गंडक नदी का पानी तेजी से रिहायशी इलाकों की ओर फैलने लगा है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल है।

तटबंध टूटने की सूचना मिलते ही अधिकारी और जल संसाधन विभाग की टीम आनन-फानन में मौके पर पहुंची। प्रशासनिक और विभागीय अधिकारी स्थिति का जायजा ले रहे हैं। वहीं, स्थानीय लोगों में बांध टूटने के बाद संभावित जलभराव को लेकर चिंता बढ़ गई है।

बताया जा रहा है कि गंडक नदी में बाढ़ के कारण पानी का प्रवाह काफी तेज था। इसी तेज बहाव और पानी के दबाव के बीच खैरटवा के समीप चंपारण तटबंध ध्वस्त हो गया। बांध टूटने के बाद पानी तेजी से आसपास के रिहायशी इलाकों की ओर बढ़ रहा है।

सोमवार की सुबह वाल्मीकिनगर स्थित गंडक बराज से करीब 5.43 लाख क्यूसेक पानी का भारी डिस्चार्ज किए जाने की जानकारी सामने आई है। भारी मात्रा में पानी छोड़े जाने के बाद गंडक नदी के जलस्तर और बहाव को लेकर पहले से ही इलाके में चिंता बनी हुई थी।

बांध टूटने की घटना के बाद स्थानीय लोगों ने जल संसाधन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं और इसे विभागीय लापरवाही से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि, लापरवाही से जुड़े आरोपों की आधिकारिक जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।