दुमका में बाइक लूट की कोशिश नाकाम, विरोध करने पर बाइक सवार को मारी गोली

हंसडीहा थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह बाइक लूट की कोशिश का मामला सामने आया है। दुमका-भागलपुर मुख्य मार्ग पर लकड़ाटांड़ स्थित हरदिया नदी के समीप बाइक सवार एक व्यक्ति को अपराधियों ने गोली मार दी। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोगों को मौके की ओर आते देख बदमाश फरार हो गए।

जानकारी के अनुसार, लकड़ाटांड़ निवासी शिवलाल हांसदा (55) सोमवार सुबह करीब पांच बजे अपनी बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार दो अज्ञात अपराधियों ने उन्हें रोक लिया और बाइक छीनने का प्रयास किया।

बताया जा रहा है कि शिवलाल हांसदा ने जब इसका विरोध किया तो अपराधियों ने उन पर फायरिंग कर दी। गोली उनके बाएं पैर में लगी। घायल होने के बावजूद वह अपनी बाइक पर ही बैठे रहे।

इसी बीच गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। लोगों की आवाजाही बढ़ती देख दोनों बदमाश मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

पुलिस अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।