झारखंड आंदोलनकारियों के मान-सम्मान और अधिकारों की मांग को लेकर बुधवार को झारखंड आंदोलनकारी संघर्ष मोर्चा के बैनर तले चास के आईटीआई मोड़ पर चक्का जाम कर धरना-प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मनोज राय ने की।
प्रदर्शनकारियों ने झारखंड में स्थानीय नीति लागू करने और झारखंड आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले आंदोलनकारियों के नाम सरकारी रिकॉर्ड में दर्ज करने की मांग उठाई। आंदोलनकारियों का कहना है कि राज्य सरकार को आंदोलनकारियों के सम्मान और उनके अधिकारों को लेकर ठोस पहल करनी चाहिए।
चक्का जाम के दौरान प्रदर्शनकारियों ने अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी की। प्रदर्शन के कारण आईटीआई मोड़ पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित होने की स्थिति बनी रही।
आंदोलनकारियों ने कहा कि उनकी मांगों को लंबे समय से उठाया जा रहा है और सरकार को इस दिशा में जल्द निर्णय लेना चाहिए।
