VTR में 14वें दिन बाघिन का सफल रेस्क्यू, ट्रेंकुलाइज कर सुरक्षित पकड़ा गया

वाल्मीकि टाइगर रिजर्व (VTR) के मंगुराहा वन क्षेत्र में बक्सा टाइगर रिजर्व भेजी जाने वाली बाघिन का मंगलवार को 14वें दिन सफल रेस्क्यू किया गया। विशेष रेस्क्यू टीम ने जसौली जंगल के कंपार्टमेंट नंबर-70 के पास बाघिन को ट्रेंकुलाइज कर सुरक्षित पकड़ लिया।

रेस्क्यू के बाद विशेषज्ञों की निगरानी में मौके पर ही बाघिन का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। बताया गया कि पिछले चार दिनों से लगातार बारिश के कारण रेस्क्यू अभियान प्रभावित हो रहा था।

सोमवार रात रेस्क्यू टीम द्वारा जंगल में रखे गए मवेशी का बाघिन ने शिकार किया। इसके बाद टीम ने उसके पगमार्क के आधार पर गतिविधियों को ट्रैक किया और संभावित ठिकाने की पहचान की।

अंतिम रेस्क्यू अभियान में करीब 100 सदस्यीय टीम ने लगभग 24 घंटे जंगल में कैंप किया। लगातार निगरानी और रणनीति के बाद टीम को बाघिन को ट्रेंकुलाइज कर सुरक्षित पकड़ने में सफलता मिली।

अब विशेषज्ञों की निगरानी में बाघिन की स्थिति पर नजर रखी जा रही है। आगे की प्रक्रिया के तहत उसे बक्सा टाइगर रिजर्व भेजे जाने की तैयारी की जा रही है।