भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी ने झामुमो सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य में अब जंगल भी सुरक्षित नहीं हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले सात वर्षों से राज्य में कोयला, बालू, पत्थर समेत अन्य प्राकृतिक संसाधनों की चोरी और लूट होती रही है। अब घने जंगलों में पेड़ों की कटाई भी शुरू हो गई है।
डॉ. गोस्वामी ने कहा कि हाल के दिनों में पूर्वी सिंहभूम जिले के चाकुलिया प्रखंड अंतर्गत सांकाभांगा गांव के पास जंगल में बड़ी संख्या में साल (सखुआ) के पेड़ काटे गए। उन्होंने आरोप लगाया कि वन विभाग पेड़ों की कटाई रोकने में विफल रहा।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग से महज करीब तीन किलोमीटर दूर जंगल में पेड़ों की कटाई की जा रही थी, लेकिन वन विभाग को इसकी भनक तक नहीं लगी। उन्होंने वन विभाग की निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि जंगल की सुरक्षा को लेकर जिम्मेदार विभाग को अधिक सतर्कता बरतने की जरूरत है।
डॉ. गोस्वामी ने कहा कि जल, जंगल और जमीन की सुरक्षा के वादे के साथ सत्ता में आई झामुमो सरकार के कार्यकाल में जंगलों में पेड़ों की कटाई होना चिंता का विषय है। उन्होंने सरकार और वन विभाग से जंगलों में अवैध कटाई पर रोक लगाने तथा वन संपदा की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।
