फर्जी किन्नर बनकर पैसे मांगने वालों पर होगी कार्रवाई, किन्नर कल्याण बोर्ड की सदस्य ने कही बड़ी बात

झारखंड के कई जिलों में किन्नर समुदाय और पुलिस के बीच नोकझोंक के मामले सामने आने के बीच देर रात सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर फर्जी किन्नर बनकर लोगों से बधाई और पैसे मांगने की शिकायतों ने चिंता बढ़ा दी है। किन्नर समाज का कहना है कि ऐसे मामलों से वास्तविक किन्नर समुदाय की पहचान और छवि प्रभावित हो रही है।

इसी मुद्दे को लेकर झारखंड सरकार किन्नर कल्याण बोर्ड की सदस्य सुनैना सिंह किन्नर ने नेशन टीवी भारत के साथ खास बातचीत की। उन्होंने कहा कि किन्नर समाज के नाम का गलत इस्तेमाल करने वाले लोगों के खिलाफ जल्द कार्रवाई की जाएगी।

सुनैना सिंह किन्नर के अनुसार, कुछ लोग किन्नर का रूप धारण कर देर रात सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर घूमते हैं और लोगों से पैसे मांगते हैं। उनका कहना है कि ऐसे लोगों की वजह से वास्तविक किन्नर समुदाय को भी परेशानियों का सामना करना पड़ता है और समाज में गलत धारणा बनती है।

उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों पर रोक लगाने के लिए पुलिस और प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित किया जाएगा। साथ ही किन्नर समाज के नाम पर गलत तरीके से पैसे मांगने वाले लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की दिशा में पहल की जाएगी।

किन्नर कल्याण बोर्ड की सदस्य ने लोगों से भी अपील की कि यदि कोई व्यक्ति फर्जी तरीके से किन्नर बनकर पैसे मांगता है या किसी तरह की परेशानी पैदा करता है, तो इसकी सूचना संबंधित पुलिस या प्रशासन को दी जाए।