पचम्बा के ऐतिहासिक सार्वजनिक दुर्गा स्थान में वर्ष 2026 की शारदीय दुर्गापूजा को लेकर बुधवार को मंदिर प्रांगण में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में पचम्बा समेत आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से सैकड़ों श्रद्धालु, बुद्धिजीवी और समाजसेवी शामिल हुए।
बैठक में इस वर्ष दुर्गापूजा को और अधिक भव्य, आकर्षक, व्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। आयोजन की तैयारियों और विभिन्न व्यवस्थाओं को लेकर समिति की ओर से रूपरेखा तैयार की गई।
बैठक में सर्वसम्मति से नई पूजा समिति का गठन किया गया। इसमें संजय कुमार कंधवे को अध्यक्ष और दीपक साह को सचिव चुना गया। समिति के अन्य पदाधिकारियों एवं सदस्यों की जिम्मेदारियां भी तय की गईं।
बैठक के दौरान पिछले आयोजन के आय-व्यय का ब्यौरा भी प्रस्तुत किया गया। पूजा के दौरान मेले और श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष रणनीति बनाने पर जोर दिया गया। भीड़ को नियंत्रित करने और किसी भी तरह की अव्यवस्था से निपटने के लिए पर्याप्त संख्या में वालंटियर तैनात करने का निर्णय लिया गया।
समिति के सदस्यों ने कहा कि दुर्गापूजा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए पूजा, मेला, सुरक्षा, साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। आयोजन को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी सदस्यों और स्थानीय लोगों से सहयोग की अपील की गई।
