साइबर अपराधियों को कथित तौर पर अवैध तरीके से सिम उपलब्ध कराने के मामले में बोकारो पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो POS एजेंटों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों पर बड़ी संख्या में सिम कार्ड साइबर अपराधियों को उपलब्ध कराने का आरोप है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चंदनकियारी थाना क्षेत्र के बोरियाडीह दास टोला निवासी प्रदीप दास (27) और गम्हरिया निवासी मुकेश गोप (20) के रूप में हुई है।
एएसपी वेदांत शंकर के अनुसार, 29 सितंबर को बरमसिया ओपी को वरीय पदाधिकारी से सूचना मिली थी कि POS एजेंट प्रदीप दास ने जुलाई से अब तक 140 से अधिक सिम कार्ड, जबकि POS एजेंट मुकेश गोप ने 42 सिम कार्ड कथित तौर पर साइबर अपराधियों को उपलब्ध कराए हैं।
पुलिस के मुताबिक, इन सिम कार्डों को दूरसंचार विभाग के निर्धारित दिशा-निर्देशों का उल्लंघन करते हुए उपलब्ध कराया गया। सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने आरोपियों के पास से दो मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। मामले में पुलिस सिम कार्ड उपलब्ध कराने के तरीके, संबंधित लोगों और साइबर अपराध से संभावित कनेक्शन की जांच कर रही है।
पुलिस का कहना है कि साइबर अपराध पर अंकुश लगाने के लिए संदिग्ध मोबाइल नंबरों और सिम कार्ड की जांच के साथ-साथ ऐसे POS एजेंटों पर भी कार्रवाई की जा रही है, जो नियमों का उल्लंघन कर सिम उपलब्ध कराते हैं।
